महिलाएं थाने में केस दर्ज कराने जाती हैं तो भी होता है रेप: स्मृति

1144

यूपी में विधान सभा चुनाव नजदीक हैं और नेताओं की बयानबाजी सिर चढ़कर बोल रही है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एक बार फिर यूपी की कानून व्यवस्था और आए दिन यूपी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए बड़ा बयान दे डाला है। उन्होंने सपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यहां महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं और सरकार चुपचाप बैठी रहती है।

उन्होंने कहा कि यहां तो महिलाएं जब थाने में केस दर्ज करवाने भी जाती हैं तो उनके साथ रेप किया जाता है। यही नहीं, जांच के दौरान भी उनका शोषण होता है। लेकिन अखिलेश सरकार ये सब अनदेखी करती है।
.
अपराध के आंकड़ों पर नजर डालते हुए उन्होंने कहा कि साल 2010 से 2015 तक महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों में 61 फीसद का इजाफा हुआ है। वे लखनऊ में भाजपा कार्यालय पहुंची और कहा कि अखिलेश सरकार के कार्यकाल में रेप की घटनाएं सबसे ज्यादा बढ़ी हैं। लेकिन अगर हम सत्ता में आते हैं तो महिलाओं को उनका सम्मान वापस मिलेगा। उन्होंने वादा किया कि अगर हमारी सरकार बनती है तो हम महिलाओं के लिए पुलिस की अलग टीम बनाएंगे और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।